Veeportal.com – Your Trusted Source for Truth and Reliable News

Veeportal News Portal
News

कॉर्पोरेट में है काम से ज्यादा ‘दिखावे’ की कद्र…गुरुग्राम के CEO ने बताया क्यों पिछड़ रही है हमारी वर्क प्रोडक्टिविटी

कॉर्पोरेट में है काम से ज्यादा ‘दिखावे’ की कद्र…गुरुग्राम के CEO ने बताया क्यों पिछड़ रही है हमारी वर्क प्रोडक्टिविटी

भारत के कॉर्पोरेट दफ्तरों में एक अजीब सा चलन है…यहां काम की क्वालिटी से ज्यादा इस बात पर ध्यान दिया जाता है कि आप कितनी देर तक अपनी कुर्सी से चिपके रहते हैं. इसी सोच पर गुरुग्राम स्थित ‘नॉट डेटिंग’ (Knot Dating) के CEO जसवीर सिंह ने खुलकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में ‘बिजी दिखने’ और ‘सचमुच काम करने’ के बीच के फर्क को बड़े ही सीधे और सटीक शब्दों में समझाया है.

जसवीर का मानना है कि हमारे यहां देर तक काम करने का कल्चर नहीं है, बल्कि देर तक ऑफिस में बैठे रहने का कल्चर है, और इन दोनों बातों में जमीन-आसमान का अंतर है. आम दफ्तरों की हकीकत बयां करते हुए वे कहते हैं कि दिन भर लोगों के लैपटॉप खुले रहते हैं, मीटिंग्स का कैलेंडर भरा रहता है, और इस बीच चाय, लंबा लंच और स्मोक ब्रेक चलता रहता है. शाम होते-होते हर कोई यही कहता नजर आता है कि आज का दिन बहुत हेक्टिक था, लेकिन असली सवाल यह है कि दिन भर में ठोस काम आखिर हुआ कितना?

काम से ज्यादा ‘दिखावे’ की कद्र

उन्होंने ऑफिस के एक और कड़वे सच की तरफ इशारा किया. अक्सर लोग अपना काम समय पर खत्म करने के बावजूद सिर्फ इसलिए घर नहीं निकलते क्योंकि उनके बॉस अभी तक ऑफिस में बैठे हैं. अगर बॉस रात 9 बजे तक रुकते हैं, तो कर्मचारी 7 बजे उठने में हिचकिचाते हैं. लेकिन जैसे ही बॉस अपना बैग उठाते हैं, अचानक सबको घर की याद आ जाती है. जसवीर इसे प्रोडक्टिविटी नहीं, बल्कि महज एक ‘दिखावा’ या नाटक करार देते हैं.

अपनी बात को और साफ करने के लिए उन्होंने दो कर्मचारियों का उदाहरण दिया. मान लीजिए एक कर्मचारी किसी काम को 5 घंटे में निपटा देता है, जबकि दूसरा उसी काम को करने में 9 घंटे लगाता है. दोनों का नतीजा एक जैसा होने के बावजूद, ऑफिस में 9 घंटे बैठने वाले को ज्यादा मेहनती मान लिया जाता है. जसवीर के मुताबिक, कंपनियों ने एक ऐसा सिस्टम बना दिया है जहाँ कामचोरी या सुस्ती को इनाम मिलता है और तेजी से काम करने वालों को सजा. इससे कर्मचारियों को भी यही सीख मिलती है कि काम निपटाने से ज्यादा जरूरी खुद को व्यस्त दिखाना है.

उनका साफ कहना है कि बिजी दिखना काम नहीं है और ऑफिस में 10 घंटे बिताने का मतलब यह कतई नहीं है कि आपने 10 घंटे काम किया है. असल पैमाना यह होना चाहिए कि आपने क्या हासिल किया, न कि यह कि आप कितनी देर कुर्सी पर बैठे रहे.

यह भी पढ़ें: पेट्रोल की टेंशन खत्म! दो भाइयों ने साइकिल को बना दिया ऐसी बाइक, देखकर आप भी कहेंगे गजब

जसवीर की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए. एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि दफ्तरों की आधी मीटिंग्स तो सिर्फ अगली मीटिंग का समय तय करने के लिए होती हैं. वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि काम के घंटों के बजाय जिम्मेदारी (ओनरशिप) को महत्व मिलना चाहिए. कई लोगों ने यह भी माना कि काम न होने पर भी लोग इंस्टाग्राम स्क्रॉल करते रहते हैं या कीबोर्ड पर बेमन से उंगलियां चलाकर व्यस्त होने का नाटक करते हैं. आईटी सेक्टर का एक किस्सा साझा करते हुए एक यूजर ने बताया कि कैसे एक डेवलपर ने क्लाइंट डेमो के लिए एक ही दिन में नए फीचर्स तैयार कर दिए, लेकिन उसकी तारीफ करने के बजाय उसके समय पर घर जाने को बड़ा मुद्दा बना दिया गया. साफ है कि जब तक कंपनियां समय के बजाय नतीजों को तवज्जो नहीं देंगी, तब तक यह दिखावा यूं ही चलता रहेगा.

यहां देखिए पोस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *