जमीन विवाद ने कराई दो पुराने क्लासमेट्स की मुलाकात, 81 साल के असगर अली ने PM मोदी से लगाई गुहार

महाराष्ट्र के मीरा रोड निवासी 81 साल के असगर अली बोहरा ने अपने दशकों पुराने जमीन विवाद के मामले न्याय पाने और मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर अपने स्कूल के क्लासमेट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. पीएम मोदी और असगर अली दोनों ही गुजरात के वडनगर स्थित बीएन स्कूल में एक साथ पढ़ाई करते थे. सालों बाद बोहरा का अपने पुराने क्लासमेट से मिलना सुर्खियां बन गया है.
जानकारी के मुताबिक असगर अली बोहरा ने 8 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की. उनका कहना है कि पीएम मोदी की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है. उन्होंने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात कर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की.
मंत्री प्रताप सरनाईक ने शेयर की तस्वीरें
राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पीएम मोदी और बोहरा की मुलाकात की तस्वीरें और एक प्रेस नोट जारी किया. उन्होंने उम्मीद जताई कि मोदी अपने बचपन के दोस्त को न्याय जरूर दिलाएंगे. तस्वीर में बोहरा से पीएम बात करते नजर आ रहे हैं वहीं पीएम बड़े ही ध्यान से सुन रहे हैं. दो पुराने दोस्तों की ये मुलाकात चर्चा का विषय बन गई है.
1989 में खरीदी थी जमीन
असगर अली बोहरा के मुताबिक, उन्होंने 1989 में भायंदर ईस्ट के नवघर इलाके में करीब 2,810 वर्ग मीटर जमीन एक पंजीकृत समझौते के जरिए खरीदी थी. उनका आरोप है कि साल 2011 में इस जमीन पर स्वयं बिल्डर्स और सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शंस ने कब्जा कर लिया. सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शंस का संबंध बीजेपी विधायक नरेंद्र मेहता से बताया जाता है.
फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप
बोहरा ने आरोप लगाया कि जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और मूल मालिक को इसकी जानकारी नहीं दी गई. उनका दावा है कि बाद में जमीन को दो हिस्सों में बांट दिया गया और उस पर स्वयम बिल्डर्स और सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शंस के नाम पर कब्जा दिखाया गया.
2015 में दर्ज हुई थी FIR
इस मामले में 2015 में FIR दर्ज की गई थी और मामला अभी अदालत में लंबित है. वोहरा ने बताया कि इसके बाद से वह राजस्व विभाग, नगर निकाय और पुलिस अधिकारियों से लगातार मामले के समाधान की मांग करते रहे हैं. लेकिन उन्हें अब तक समाधान नहीं मिला.जमीन विवाद को लेकर वोहरा की ओर से लगाए गए आरोपों पर मामला अदालत में लंबित है.
16 सितंबर को होगी सुनवाई
इधर प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद नगर प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है. इस विवाद को लेकर 16 सितंबर को सुनवाई निर्धारित की गई है. सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शंस और स्वयं बिल्डर्स के प्रतिनिधियों को भी सुनवाई में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है.
