News

ट्रंप कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं सर्जियो गोर, क्या रुबियो की लेंगे जगह?

ट्रंप कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं सर्जियो गोर, क्या रुबियो की लेंगे जगह?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने प्रशासन में बड़ा बदलाव कर सकते हैं. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर को कैबिनेट में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है. उन्हें विदेश मंत्री मार्को रुबियो की जगह दी जा सकती है. इसके अलावा विदेश मंत्रालय में उप विदेश मंत्री या व्हाइट हाउस में चीफ ऑफ स्टाफ का पद भी मिल सकता है. अमेरिकी अखबार ‘द वॉशिंगटन सन’ ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है.

रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर के मिडटर्म चुनाव के बाद ट्रंप प्रशासन में बड़े बदलाव हो सकते हैं. सर्जियो गोर भी अपनी जिम्मेदारी बढ़ाना चाहते हैं. अमेरिकी प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि गोर अब ऐसी भूमिका चाहते हैं, जिसमें वे ज्यादा लोगों के सामने नजर आएं. विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के दौरान गोर को सुर्खियों में रहना पसंद है.

ट्रंप के बेहद करीबी हैं सर्जियो गोर

सर्जियो गोर को ट्रंप का भरोसेमंद माना जाता है. उनकी ट्रंप तक सीधी पहुंच है. ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के साथ भी उनके करीबी संबंध रहे हैं. गोर पहले व्हाइट हाउस के राष्ट्रपति नियुक्ति कार्यालय के प्रमुख रह चुके हैं. इस दौरान उन्होंने सरकार में हजारों अधिकारियों की जांच और नियुक्ति में अहम भूमिका निभाई थी.

गोर के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से भी अच्छे संबंध हैं. वे कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों में उनके साथ शामिल हो चुके हैं. भारत में अमेरिकी राजदूत होने के साथ-साथ वे दक्षिण और मध्य एशिया के विशेष दूत भी हैं. एशिया के कई देशों के साथ अमेरिका के संबंधों में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है.

रुबियो के राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की चर्चा

रिपोर्ट के मुताबिक, रिपब्लिकन पार्टी और विदेश मंत्रालय के कुछ अधिकारियों को लगता है कि रुबियो 2028 या 2032 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी कर सकते हैं. इसके लिए वे विदेश मंत्री का पद छोड़ सकते हैं. हालांकि, रुबियो ने अभी ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है. रिपोर्ट में उप विदेश मंत्री क्रिस लैंडाउ की जगह भी गोर को देने की चर्चा है. लैंडाउ ने चुनाव से पहले कथित तौर पर कहा था कि अगर रिपब्लिकन कांग्रेस में बहुमत खोते हैं तो वे इस्तीफा दे देंगे. मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत हासिल किया.

हालांकि, गोर और लैंडाउ दोनों ने रिपोर्ट को गलत बताया है. गोर ने कहा कि रुबियो इतिहास के सबसे योग्य और शानदार विदेश मंत्री हैं. उनकी जगह कोई नहीं ले सकता. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी दूसरे पद में कोई दिलचस्पी नहीं है. लैंडाउ ने भी इस्तीफा देने की बात से इनकार किया.

यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले ईरान पर हमले की तैयारी में थे नेतन्याहू, US ने कैसे रोका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *