दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा.. लक्ष्मी योजना की तारीख तय, जानिए आपके खाते में कब आएगा पैसा

बढ़ती महंगाई के बीच दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. दिल्ली सरकार की बहुचर्चित ‘लक्ष्मी योजना 2026’ अब जमीन पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है. अगले महीने की पहली तारीख से राजधानी की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद पहुंचना शुरू हो जाएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार (18 अगस्त) को दिल्ली सचिवालय में हुई एक अहम बैठक के बाद इस योजना के अगले चरण की औपचारिक घोषणा कर दी है. सरकार का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है. एक अगस्त से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया के बाद अब सरकार ने फॉर्म की जांच तेज कर दी है.
26 अगस्त से शुरू होगा यह जरूरी काम
आवेदन जमा होने के बाद अब सबसे महत्वपूर्ण चरण लाभार्थियों का सत्यापन है. मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अधिकारियों ने आवेदनों की छंटनी का काम शुरू कर दिया है. जिन महिलाओं के आवेदन सही पाए जाएंगे, उन्हें 26 अगस्त से सरकार की तरफ से सैंक्शन लेटर (स्वीकृति पत्र) मिलने शुरू हो जाएंगे. यह पत्र इस बात का प्रमाण होगा कि आप योजना के लिए चुनी गई हैं. सैंक्शन लेटर जारी होने के तुरंत बाद भुगतान की प्रक्रिया एक्टिव हो जाएगी. सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि 1 सितंबर से सत्यापित बैंक खातों में 2,500 रुपये की पहली किस्त जमा होना शुरू हो जाए. पूरी व्यवस्था को डिजिटल रखा गया है ताकि किसी भी तरह की धांधली न हो और पैसा सीधे सही हाथों में पहुंचे.
किन महिलाओं के खाते में आएगा पैसा
योजना का लाभ समाज के उस वर्ग तक पहुंचाना है, जिसे इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है. इसके लिए कुछ कड़े नियम तय किए गए हैं. आवेदन करने वाली महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए. इसके साथ ही, उसका दिल्ली में कम से कम पिछले 10 वर्षों से रहना अनिवार्य है.
अगर महिला के परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है, पेंशनभोगी है या इनकम टैक्स भरता है, तो वे इस योजना के दायरे से बाहर माने जाएंगे. जो महिलाएं पहले से किसी अन्य सरकारी योजना का नियमित लाभ ले रही हैं, उन्हें भी इसका फायदा नहीं मिलेगा. इसके अलावा, जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन है, उनके आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे. हालांकि, अगर आपके पास इलेक्ट्रिक कार (EV) है, तो सरकार ने उसे इस नियम से छूट दी है.
पैसे मंगाने के ये हैं दो नए तरीके
इस योजना की सबसे खास बात इसकी भुगतान प्रणाली है, जो भविष्य की बचत को ध्यान में रखकर बनाई गई है. सरकार ने महिलाओं को पैसा प्राप्त करने के लिए दो बेहतरीन विकल्प दिए हैं.
पहले विकल्प के तहत महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए 1,000 रुपये सीधे अपने सेंट्र्ल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में ले सकती हैं. बाकी बचे 1,500 रुपये उनके रेकरिंग डिपॉजिट (RD) या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) खाते में जमा कर दिए जाएंगे. वहीं, जिन महिलाओं को तुरंत पैसों की जरूरत नहीं है और वे भविष्य के लिए बचत करना चाहती हैं, उनके लिए दूसरा विकल्प मौजूद है. इसके तहत पूरी 2,500 रुपये की राशि सीधे RD या FD में जमा कराई जा सकती है.
