News

नौकरी पाने से ज्यादा मुश्किल उसे बचाना! मानसिक परेशानियों से जूझ रहे शख्स ने बताई अपनी आपबीती

नौकरी पाने से ज्यादा मुश्किल उसे बचाना! मानसिक परेशानियों से जूझ रहे शख्स ने बताई अपनी आपबीती

नौकरी करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. कुछ लोगों के लिए काम सीखना और रोजमर्रा की जिम्मेदारियां निभाना ही एक बड़ी चुनौती बन जाता है. खासकर तब, जब मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां उनकी याददाश्त और काम करने की क्षमता पर असर डाल रही हों. ऐसी ही एक दर्दभरी कहानी Reddit पर सामने आई है, जहां एक शख्स ने बताया कि कैसे याददाश्त की समस्या के चलते उसे अपनी नौकरी गंवानी पड़ी.

इस व्यक्ति ने Reddit के r/jobs फोरम पर अपनी परेशानी साझा की. पोस्ट का टाइटल था, ‘Fired due to being slow’, यानी काम में धीमा होने की वजह से नौकरी से निकाल दिया गया. शख्स के मुताबिक, उसे DPDR (Depersonalization-Derealization Disorder), OCD और Anxiety जैसी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं हैं. इन परेशानियों के कारण उसे चीजें याद रखने, निर्देश समझने और काम समय पर पूरा करने में काफी दिक्कत होती है.

12 साल के करियर में सबसे लंबी नौकरी सिर्फ 11 महीने

पोस्ट में शख्स ने बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले एक ऑफिस में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम शुरू किया था. शुरुआत में उसके लिए काम थोड़ा मुश्किल जरूर था, लेकिन धीरे-धीरे वह जिम्मेदारियों को समझने लगा था. उसे उम्मीद थी कि समय के साथ वह अपना काम बेहतर तरीके से कर पाएगा और उसे बार-बार दूसरों की मदद भी नहीं लेनी पड़ेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. हाल ही में उसके मैनेजर ने उसे बताया कि वह तीन महीने का प्रोबेशन पीरियड पास नहीं कर पाया है. इसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया.

इस फैसले से वह बुरी तरह टूट गया. उसने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह इस नौकरी को काफी पसंद करता था. उसे खुशी थी कि अब वह काम को पहले से बेहतर समझने लगा है और छोटी-छोटी चीजों के लिए दूसरों पर निर्भरता भी कम हो रही थी. ऐसे समय में नौकरी चले जाना उसके लिए बेहद दुखद रहा.

इस शख्स की परेशानी सिर्फ एक नौकरी छूटने तक सीमित नहीं है. उसने बताया कि वह पिछले 12 साल से अलग-अलग जगह काम करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन आज तक किसी नौकरी में लंबे समय तक टिक नहीं पाया. उसके मुताबिक, अब तक उसकी सबसे लंबी नौकरी करीब 11 महीने चली है. अगले महीने वह 30 साल का होने वाला है और इस बात को लेकर भी काफी परेशान है कि आखिर वह कब एक स्थिर नौकरी कर पाएगा.

उसने लिखा कि उसकी याददाश्त कमजोर होने के कारण काम की रफ्तार धीमी हो जाती है. कई बार उसे एक ही बात बार-बार समझनी पड़ती है या दिए गए निर्देश याद नहीं रहते. हालांकि, वह काम से बचना नहीं चाहता, बल्कि दिल से चाहता है कि किसी ऐसी जगह काम करे जहां वह अच्छा प्रदर्शन कर सके. उसने यह भी साफ किया कि उसे किसी बड़ी कंपनी या मोटी सैलरी वाली नौकरी की चाह नहीं है. वह सुपरमार्केट, छोटे रेस्टोरेंट या टेकअवे शॉप में भी काम करने के लिए तैयार है. उसकी बस इतनी इच्छा है कि उसे एक मौका मिले और वह उस नौकरी में लंबे समय तक काम कर सके.

यह भी पढ़ें: पहाड़ों के बीच लड़की ने किया ऐसा डांस, खूबसूरत अदाओं ने इंटरनेट पर मचाया तहलका!

शख्स की कहानी पढ़ने के बाद कई Reddit यूजर्स ने उसे हिम्मत दी और कुछ Practical tips भी शेयर किए. एक यूजर ने सलाह दी कि उसे ऐसी नौकरी तलाशनी चाहिए, जहां रोजाना लगभग एक जैसा काम करना हो. उदाहरण के तौर पर असेंबली लाइन, वेयरहाउस या हाउस क्लीनिंग जैसे काम उसके लिए बेहतर हो सकते हैं. ऐसे कामों में बार-बार नए निर्देश सीखने की जरूरत Comparatively कम हो सकती है.

यहां देखिए पोस्ट

Fired due to being slow
by
u/nightfella0 in
jobs

Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इस पोस्ट में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *