महिंद्रा XEV 9S की बढ़ेगी टेंशन! 2027 में आ सकती है Tata Safari EV, लंबी रेंज के साथ मिलेंगे ये प्रीमियम फीचर्स

भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक SUVs की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. अब ग्राहक सिर्फ छोटी इलेक्ट्रिक कारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बड़ी फैमिली SUVs में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं. इसी को देखते हुए Tata Motors अपनी पॉपुलर SUV Safari का इलेक्ट्रिक अवतार लाने की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Tata Safari EV को जनवरी 2027 में लॉन्च किया जा सकता है. यह कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों की रेंज में सबसे ऊपर जगह बना सकती है. हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी लॉन्चिंग और फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.
Safari अपनी तीन-रो वाली सीटिंग और बड़े केबिन के लिए जानी जाती है. उम्मीद है कि इलेक्ट्रिक मॉडल में भी कंपनी इस पहचान को बरकरार रखेगी. नई SUV का मुकाबला Mahindra XEV 9S जैसी इलेक्ट्रिक गाड़ियों से हो सकता है.
80 kWh तक की बैटरी, 600Km से ज्यादा रेंज
Tata Safari EV में सबसे ज्यादा चर्चा इसकी बैटरी और रेंज को लेकर है. रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें 65 kWh और 75 kWh के बैटरी पैक मिल सकते हैं. वहीं, इसके टॉप वेरिएंट में 80 kWh की बड़ी बैटरी दिए जाने की संभावना है. दावा किया जा रहा है कि बड़ी बैटरी के साथ इसकी रेंज 600 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह SUV शहर में रोजाना इस्तेमाल के साथ लंबी यात्राओं के लिए भी अच्छा ऑप्शन बन सकती है.
RWD और AWD का मिलेगा ऑप्शन?
नई Safari EV को Tata के Acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है. इसी प्लेटफॉर्म पर कंपनी की Harrier EV भी बनी है. इसमें RWD और AWD दोनों ड्राइवट्रेन विकल्प मिलने की उम्मीद है. RWD मॉडल में पीछे के पहियों को इलेक्ट्रिक मोटर से ताकत मिलेगी, जबकि AWD वेरिएंट में आगे और पीछे दोनों तरफ मोटर दी जा सकती हैं. इससे बेहतर ग्रिप और परफॉर्मेंस मिलने की संभावना है.
केबिन में मिल सकता है ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप
फीचर्स के मामले में भी Safari EV काफी प्रीमियम हो सकती है. टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों से संकेत मिलता है कि इसमें तीन स्क्रीन वाला डैशबोर्ड मिल सकता है. इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग डिस्प्ले शामिल हो सकता है.
इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है. इसमें 540-डिग्री कैमरा और डिजिटल इनसाइड रियर-व्यू मिरर भी दिया जा सकता है.
ADAS से लैस होगी नई इलेक्ट्रिक SUV
सेफ्टी के लिए Safari EV में Level 2 ADAS मिलने की संभावना है. इसमें ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन असिस्ट और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं. बैटरी की सुरक्षा पर भी कंपनी खास ध्यान दे सकती है.
कीमत की बात करें तो इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 20 से 23 लाख रुपये के बीच हो सकती है. वहीं, बड़े बैटरी पैक और AWD वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 30 से 32 लाख रुपये तक जाने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- Microsoft की राह पर Canva, 6 महीने की सैलरी और MacBook देकर 1,271 कर्मचारियों को कहा अलविदा!
लैपटॉप की बैटरी बार-बार खत्म होने से हैं परेशान? Asus ने लॉन्च किया 33 घंटे चलने वाला नया Zenbook 14
