News

होटल से पैक करवाया मटन कोल्हापुरी… दो बच्चों के खाते ही दिखा आधा मरा हुआ चूहा, Video वायरल

होटल से पैक करवाया मटन कोल्हापुरी… दो बच्चों के खाते ही दिखा आधा मरा हुआ चूहा, Video वायरल

Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से खाद्य सुरक्षा और होटल में साफ-सफाई की घोर लापरवाही का एक खौफनाक मामला सामने आया है. शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध ‘बिस्मिल्लाह होटल’ से खरीदे गए मटन कोल्हापुरी के पार्सल में आधा मरा हुआ चूहा मिलने से हड़कंप मच गया. यह घटना उस वक्त और गंभीर हो गई जब पता चला कि खाने में चूहा दिखने से पहले परिवार के दो मासूम बच्चे उस नॉनवेज को खा चुके थे.

इसका वीडियो भी वायरल हुआ है. शिकायतकर्ता इरफान खान ने बताया कि उन्होंने कहारवाड़ी स्थित बिस्मिल्लाह होटल से मटन कोल्हापुरी का पार्सल पैक करवाया था. घर पहुंचने के बाद जब परिवार के सदस्य खाना खाने बैठे, तो दो छोटे बच्चों ने भी पार्सल से मटन खा लिया.

कुछ देर बाद जब बर्तन में रखे मटन को ध्यान से देखा गया, तो उसमें मटन के टुकड़ों के बीच आधा मरा हुआ चूहा तैरता हुआ नजर आया. यह मंजर देखते ही परिवार में हड़कंप मच गया. इरफान ने बिना देर किए इस घिनौनी लापरवाही का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया और बच्चों को तुरंत एहतियात के तौर पर अस्पताल लेकर भागे. राहत की बात यह है कि फिलहाल दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं.

खाद्य विभाग हरकत में, मटन और बिरयानी के लिए सैंपल

घटना की जानकारी मिलते ही इरफान खान ने तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामला संज्ञान में आते ही खाद्य विभाग की टीम तुरंत बिस्मिल्लाह होटल पहुंची और वहां रखे खाद्य पदार्थों व किचन की साफ-सफाई की जांच शुरू कर दी.

ये भी पढ़ें: नो चेंज, नो टेंशन: दिल्ली से सीधे पहुंचेंगे बिहार, छठ पूजा से पहले इन 6 शहरों के लिए DTC उतारेगी 70 स्लीपर बसें

खाद्य निरीक्षक राधेश्याम गोले ने बताया कि मटन कोल्हापुरी में चूहा मिलने की गंभीर शिकायत मिली थी. टीम ने मौके पर पहुंचकर होटल से मटन और बिरयानी के सैंपल जब्त किए हैं. इन सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला (लैब) भेजा जा रहा है.

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई

खाद्य निरीक्षक के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और नॉनवेज के शौकीनों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है. लोग होटल में बन रहे खाने की स्वच्छता और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *