Vaibhav Sooryavanshi: 15 के हों या 18 के… वैभव सूर्यवंशी की उम्र पर उठे सवालों पर ब्रेट ली का बड़ा बयान

Brett Lee On Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट के नए उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी इन दिनों वर्ल्ड क्रिकेट में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. सिर्फ 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों में खौफ पैदा करने वाले वैभव ने अब इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू कर लिया है. इंग्लैंड दौरे पर तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में खेलने का मौका मिलते ही वैभव भारत की ओर से सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए थे. हालांकि, इतनी कम उम्र में उनकी जबरदस्त पावर-हीटिंग को देखकर लगातार उनकी उम्र पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. अब इस विवाद पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने अपनी बेबाक राय शेयर की है.
वैभव सूर्यवंशी की उम्र पर ब्रेट ली का बड़ा बयान
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है. पोडकास्ट बीयर बाइसेप्स में बातचीत करते हुए ब्रेट ली ने कहा कि लोगों को उम्र का रोना रोने के बजाए खिलाड़ी की क्षमता देखनी चाहिए. ब्रेट ली ने कहा, ‘वैभव चाहे 15 साल के हों, 16, 17 या फिर 18 के, इससे क्या फर्क पड़ता है? अहम बात यह है कि वह खेल के सबसे बड़े लेवल पर प्रदर्शन करने का जज्बा रखते हैं. भारत से बाहर के लोग यह सवाल जरूर उठाएंगे कि क्या वह सच में 15 के हैं, लेकिन अगर वह 17-18 के भी हैं, तो भी वह बच्चा शानदार क्रिकेट खेलता है.’
ब्रेट ली ने वैभव को भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताते हुए कहा कि वह आगे चलकर दुनिया भर में अपना नाम बनाएंगे. ब्रेट ली ने वैभव की आईपीएल की उस तूफानी पारी को याद किया, जिसने रातों-रात उन्हें स्टार बना दिया था. हैदराबाद के खिलाफ खेली गई 97 रनों की पारी का जिक्र करते हुए ली ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों की तेज-तर्रार गेंदों पर वैभव जिस तरह से क्रिकेटिंग शॉट्स खेल रहे थे, वह देखने लायक था.
जिम्बाब्वे दौरे पर जमकर चला बल्ला
हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव सूर्यवंशी ने कमाल का प्रदर्शन किया था. सबसे ज्यादा 151 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था. वो इंटरनेशनल क्रिकेट में यह अवॉर्ड जीतने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी हैं. उन्होंने 15 साल 121 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया. इससे पहले अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान 16 साल 328 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द सीरीज बने थे.
