News

अनाउंस होते ही विवादों में घिरी Jr NTR की फिल्म, तमिलनाडु में क्यों उठ रही बैन की मांग?

अनाउंस होते ही विवादों में घिरी Jr NTR की फिल्म, तमिलनाडु में क्यों उठ रही बैन की मांग?

Junior NTR New Movie Controversy: साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं. हाल ही में उनकी डायरेक्टर त्रिविक्रम श्रीनिवास के साथ नई फिल्म का ऐलान किया गया था, जिसके बाद फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिली. लंबे समय बाद दोनों की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ आने वाली है, इसलिए इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी चर्चा हो रही है. हालांकि, फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही ये बड़े विवाद में फंसती नजर आ रही है. तमिलनाडु में फिल्म को लेकर विरोध तेज हो गया है और इसे बैन करने की मांग तक कर दी है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जूनियर एनटीआर की ये फिल्म भगवान मुरुगन से जुड़ी पौराणिक पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है. हालांकि, मेकर्स ने अब तक फिल्म की कहानी या किरदारों को लेकर ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है. इसके बावजूद फिल्म के कंटेंट को लेकर बहस शुरू हो गई है. इसी वजह से रिलीज से पहले ही ये प्रोजेक्ट विवादों के घेरे में आ गया है.

जूनियर एनटीआर की फिल्म पर विवाद

जूनियर एनटीआर और त्रिविक्रम श्रीनिवास की फिल्म को लेकर तमिलनाडु के नेता सीमन ने मेकर्स को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे डाली. साथ ही इसमें भगवान मुरुगन के कथित चित्रण को लेकर तमिलनाडु में फिल्म पर बैन लगाने की मांग कर डाली है. पूर्व एक्टर और फिल्ममेकर रहे तमिल नेता सीमान ने आरोप लगाया कि अगर फिल्म में भगवान मुरुगन का चित्रण तथ्यों और धार्मिक मान्यताओं के विपरीत किया गया, तो तमिलनाडु में इसका कड़ा विरोध होगा.

यह भी पढ़ें – सूर्या नहीं, Jr NTR ही होंगे नेल्सन की अगली फिल्म के हीरो, झूठी निकलीं रिप्लेसमेंट की खबरें

View this post on Instagram

A post shared by Jr NTR (@jrntr)

क्या है पूरा मामला?

वैसे तो मेकर्स ने अभी फिल्म की कहानी रिवील नहीं की है, पर पहले पोस्टर से पता चलता है कि फिल्म भगवान मुरुगन पर आधारित होगी. लेकिन इस पोस्ट के कैप्शन में जो लिखा था, उसने तमिल लोगों को नाराज कर दिया. ऐसा इसलिए क्योंकि इस पोस्ट में दावा किया गया कि भगवान मुरुगन का जन्म ‘उत्तर भारत’ में हुआ था. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इसपर गुस्सा जाहिर किया और दावा किया कि भगवान मुरुगन तमिल के देवता के रूप में पूजा जाते रहे हैं और ऐसे में उन्हें ‘उत्तर भारत में पैदा हुआ’ बताना गलत है. ये ऐतिहासिक और सांस्कृतिक तथ्यों से छेड़छाड़ वाली बात है.

मेकर्स को दी चेतावनी

तमिल नेता सीमन ने X पर एक बयान जारी कर मेकर्स पर तमिल इतिहास को गलत तरीके से पेश करने और तमिल लोगों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया. साथ ही, इस बयान में मेकर्स को चेतावनी दी गई कि भगवान मुरुगन को उत्तर भारत में पैदा हुआ न दिखाया जाए. सीमान की पोस्ट में कहा गया कि कला के नाम पर मनगढ़ंत कहानियां बनाना बंद कर देना चाहिए, जैसा इसमें किया गया कि उनका जन्म उत्तर भारत में हुआ था. अगर ऐसा नहीं किया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

तमिल नेता सीमान के बयान पर अभी मेकर्स की तरफ से कोई रिएक्शन नहीं आया है. फिल्म की शूटिंग अभी शुरू नहीं हुई है और ऐसा कहा जा रहा है कि इसका नाम ‘गॉड ऑफ वॉर’ हो सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *