Veeportal.com – Your Trusted Source for Truth and Reliable News

News

Box Office Alert: 32वें दिन धुरंधर 2 की कमाई में उछाल, मगर बाहुबली 2 को पछाड़ना कहीं सपना ना रह जाए, अभी भी ‘हॉफ सेंचुरी’ की दरकार

Box Office Alert: 32वें दिन धुरंधर 2 की कमाई में उछाल, मगर बाहुबली 2 को पछाड़ना कहीं सपना ना रह जाए, अभी भी ‘हॉफ सेंचुरी’ की दरकार

Ranveer Singh Dhurandhar 2 Box Office Day 32: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की आखिर मेहनत रंग लाई और वे फिल्म इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एक्टर्स की लिस्ट में शुमार हो गए. अब वे एक नहीं बल्कि दो ऐसी फिल्मों के मालिक हैं जिन्होंने सिनेमाघरों में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है. उनकी फिल्मों को फैंस का काफी अच्छा रिस्पॉन्स पिछले 6 महीने में मिला है जिसने उनकी किस्मत ही पलट दी है. पहले साल 2025 में आई धुरंधर फिल्म का धमाल सिनेमाघरों में देखने को मिला और अब इस फ्रेंचाइजी की ही दूसरी फिल्म भी रिलीज कर दी गई है. दोनों ही फिल्मों ने 1000 करोड़ से ज्यादा कमाए और दूसरा पार्ट तो अब 1800 करोड़ रुपये कमाने की ओर बढ़ रहा है.

वैसे तो फिल्म के पास पाने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है क्योंकि फिल्म ने करीब सारे बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए हैं. लेकिन इसके बाद भी इस फिल्म के लिए सबसे बड़ी जंग देश की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बनने की है. वैसे भी आमिर खान की दंगल का रिकॉर्ड तो ये फिल्म नहीं तोड़ पाएगी. लेकिन इसके बावजूद ये फिल्म बाहुबली 2 जैसी मूवी को पीछे छोड़कर देश की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी फिल्म बन सकती है. अभी फिल्म इस फहरिश्त में तीसरे नंबर पर बनी हुई है. बता रहे हैं कि 32 दिनों में इस फिल्म ने दुनियाभर में कितनी कमाई कर ली है और इस फिल्म का कलेक्शन आने वाले वक्त में कितना हो सकता है.

भारत में धुरंधर 2 ने कितने कमाए?

धुरंधर 2 फिल्म की बात करें तो इस फिल्म ने भारत में रिलीज के 32वें दिन यानी रविवार को 5.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इस लिहाज से फिल्म की भारत में नेट कलेक्शन के तौर पर कुल कमाई 1115.67 करोड़ रुपये की हो गई है. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1335.54 करोड़ रुपये का हो चुका है. मतलब जितना फिल्म के पहले पार्ट ने वर्ल्डवाइड कमाया था उतना तो इसके दूसरे पार्ट ने भारत में ही कमा लिया है. फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर ये प्रदर्शन कमाल का है और अभी भी इस फिल्म की कमाई जारी है.

कितना हुआ धुरंधर 2 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन?

साल 2025 में आई धुरंधर फिल्म ने विदेशों में अच्छा कलेक्शन किया था और करीब 300 करोड़ रुपये की कमाई की थी. लेकिन फिल्म के दूसरे पार्ट ने तो कमाल ही कर दिया और 421.10 करोड़ रुपये कमाकर दिखा दिए. फिल्म ने विदेश में रविवार के दिन 1.10 करोड़ रुपये इकट्ठा किए हैं. ऐसे में इस फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का अब तक का कुल कलेक्शन 1756.64 करोड़ रुपये का हो चुका है और अभी भी ये फिल्म भारत की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई वाली मूवी बनी हुई है.

क्या बाहुबली 2 का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी धुरंधर 2?

फिल्म के सामने प्रभास की फिल्म बाहुबली की बड़ी चुनौती है. भले ही धुरंधर 2 ने छप्परफाड़ कमाई की हो लेकिन एक दशक पहले रिलीज हुई एस एस राजामौली और प्रभास की फिल्म बाहुबली 2 के औरे को मैच नहीं किया जा सकता है. इस फिल्म ने दुनियाभर में भारतीय सिनेमा का नाम गर्व से ऊंचा किया था. लेकिन अब फिल्में पहले से बेहतर कमाई कर रही हैं और पहले से ज्यादा मार्केट कैप्चर कर रही हैं. करोड़ों रुपये तो फिल्म के प्रमोशन में ही चले जाते हैं. मगर बाहुबली 2 फिल्म के समय ऐसा कुछ नहीं था. इसके बाद भी फिल्म का 1800 करोड़ कमा पाना बताता है कि क्यों ये फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी और लोकप्रिय फिल्म है.

ये भी पढ़ें- Bhooth Bangla Box Office: भूत बंगला की एंट्री से सहमा बॉक्स ऑफिस, पहले वीकेंड में छप्परफाड़ कमाई, 100 करोड़ अब दूर नहीं

बहुत कठिन है डगर पनघट की…

अगर रणवीर सिंह की धुरंधर 2 फिल्म को प्रभास की बाहुबली 2 का काम तमाम करना है तो इसके लिए अभी कुछ करोड़ों रुपये की दरकार है. फिल्म के 32वें दिन के कलेक्शन तक धुरंधर 2 ने 1756.64 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. वहीं प्रभास की बाहुबली 2 का लाइफटाइम कलेक्शन 1810.43 करोड़ रुपये का रहा था. ऐसे में अभी भी धुरंधर 2 को इस फिल्म से पार पाने के लिए 53.79 करोड़ रुपये की कमाई करनी है. अभी भी ऐसा नामुमकिन नहीं है. लेकिन अब वीकडेज में फिल्म कितना कमाती है ये इसपर निर्भर करेगा. अगर फिल्म का वीकडेज का कलेक्शन 1 करोड़ रुपये तक का रह जाता है तब तो फिल्म के लिए मंजिल तक पहुंचने की राह बेदम हो जाएगी और अगर फिल्म इस रिकॉर्ड को पार करेगी भी तो रेंग-रेंग के कर पाएगी. फिलहाल अब सिनेमाघरों में अपनी रिलीज के अंतिम पड़ाव पर आ चुकी इस फिल्म की ये आखिरी जंग देखना भी रोचक होने वाला है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *