UK से M.Tech कर लौटा, ऑनलाइन गेमिंग की लत… फिरौती के लिए पड़ोसी के बेटे को मार डाला

कर्नाटक के बेंगलुरु में पड़ोसी बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. चीक्कजाला पुलिस ने मामले में आरोपी वाका भास्कर रेड्डी और कोंडला रेड्डी को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने भास्कर की साजिश की पूरी कहानी सामने आई है. जांच में सामने आया कि बच्चे की हत्या के बाद उसके परिजनों से फिरौती मांगने की पहले से योजना बनाई गई थी.
पूछताछ में आरोपी भास्कर ने बताया कि बच्चे प्रज्वल के अपहरण से पहले ही दो अलग-अलग वीडियो रिकॉर्ड कराए गए थे. एक वीडियो में बच्चा रोता हुआ दिखाई दे रहा था, जबकि दूसरे वीडियो में उससे यह कहलवाया गया था कि उसे किडनैप कर लिया गया है और पैसे देकर उसे बचाया जाए. पुलिस के मुताबिक, वीडियो रिकॉर्ड करने के तुरंत बाद भास्कर और कोंडला रेड्डी ने बच्चे की हत्या कर दी. इसके बाद शव को ठिकाने लगा दिया गया.
हत्या के बाद परिवार के साथ दिखावे का प्लान
आरोपी भास्कर कथित तौर पर बच्चे की हत्या करने के बाद खुद भी उसकी तलाश करने का नाटक करता रहा. जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेजों के बिना मेजेस्टिक इलाके से कथित तौर पर फर्जी सिम कार्ड हासिल किया था.
इसी सिम कार्ड के जरिए बच्चे के बनाए गए वीडियो उसके माता-पिता को भेजने और उनसे फिरौती की रकम मांगने की योजना बनाई गई थी. पुलिस अब इस पूरी साजिश में दोनों आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है.
ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में बढ़ा कर्ज
पुलिस जांच के मुताबिक, भास्कर रेड्डी कुछ समय पहले ही UK से M.Tech की पढ़ाई पूरी करके लौटा था. आरोप है कि इसके बाद वह ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत में पड़ गया और उस पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया.
इसी कर्ज को चुकाने और जल्दी पैसा कमाने के लिए उसने अपहरण की योजना बनाई. पड़ोस में रहने के कारण वह बच्चे को जानता था और इसी वजह से उसने प्रज्वल को कथित तौर पर निशाना बनाया.
पहले हत्या, फिर मांगी फिरौती
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी बच्चे को बहाने से अपने साथ लेकर गया. इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. जांच में सामने आया कि आरोपी को डर था कि अगर बच्चा जिंदा रहा तो वह उसकी पहचान बता सकता है और पूरी साजिश का खुलासा हो सकता है.
इसी आशंका के चलते बच्चे की हत्या करने के बाद उसके परिवार से कथित तौर पर फिरौती मांगने की योजना बनाई गई थी. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में सामने आए तथ्यों की पुष्टि के लिए आगे की जांच जारी है.
