कार लोन के लिए कलयुगी बेटी की करतूत… पिता-भाभी पर तानी पिस्टल, CCTV में कैद गाजियाबाद की ये घटना

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद इलाके से एक बेहद खौफनाक और हैरान कर देने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है. यहां कार लोन के वेरिफिकेशन (Verification) से पिता द्वारा इनकार किए जाने पर एक युवती इस कदर आगबबूला हो गई कि उसने अपने ही पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दे डाली. गेट तोड़कर घर में जबरन घुसने और पिस्टल लहराने की यह पूरी खौफनाक वारदात घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है.
ये सनसनीखेज मामला थाना साहिबाबाद क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है. पीड़ित पिता हितेश तोमर के मुताबिक, उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले अपनी मर्जी से घर छोड़कर अलग रहने लगी थी. आरोप है कि 8 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे प्रियंका अपनी एक सहेली के साथ अचानक घर पहुंची. उसने अपने पिता से कार लोन के वेरिफिकेशन में मदद करने और दस्तावेज वेरीफाई कराने को कहा. लेकिन हितेश तोमर ने इस वेरिफिकेशन से साफ इनकार कर दिया.
गाली-गलौज, हाथापाई के बाद सहेली संग दोबारा लौटी
पिता के इनकार करते ही प्रियंका आपा खो बैठी और पिता के साथ उग्र होकर गाली-गलौज करने लगी. जब घर में मौजूद भाभी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी युवती ने उनके साथ भी हाथापाई की. हंगामा बढ़ता देख आसपास के पड़ोसी मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद युवती वहां से चली गई. लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ. करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ फिर से वापस आई और इस बार उसने घर का मेन गेट तोड़ दिया और जबरन घर के अंदर दाखिल हो गई.
पहली मंजिल पर भागकर पिता और भाभी ने बचाई जान
घर के अंदर घुसते ही युवती ने अपने पास मौजूद पिस्टल निकाली और पिता व भाभी पर तानते हुए उन्हें गोली मारने की धमकी दी. इस अचानक हुए जानलेवा हमले से घबराए पिता और भाभी ने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत भागकर पहली मंजिल पर शरण ली. युवती द्वारा पिस्टल लहराने, धमकी देने और गेट तोड़ने की पूरी सनसनीखेज घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में युवती खुलेआम हाथ में पिस्टल लहराती दिख रही है.
ये भी पढ़ें: इस दुल्हन ने की तीन शादियां, अब चौथी बार शादीशुदा प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी गोरखपुर का गजब मामला
साहिबाबाद थाने में FIR दर्ज, ACP बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी
घटना के बाद पीड़ित पिता की शिकायत पर साहिबाबाद थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 9 सितंबर 2026 को आरोपी बेटी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की जानकारी देते हुए एसीपी (ACP) साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बनाया गया है. आरोपी युवती और उसकी सहेली की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
