बेंगलुरु के पब में IAS अधिकारी का हंगामा, ID मांगने पर इंस्पेक्टर को मारा थप्पड़; 3 दोस्तों पर भी FIR

Bengaluru IAS Officer Vikas Marmath:बेंगलुरु में एक IAS अधिकारी पर पब में शराब पीकर हंगामा करने और पुलिस इंस्पेक्टर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. मामला कब्बन पार्क थाना क्षेत्र का है. आरोप है कि आधी रात पब में जांच करने पहुंचे क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने जब IAS अधिकारी से पहचान पत्र मांगा, तो वह भड़क गए. उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और एक इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया. मामले में आंध्र प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी विकास मर्मठ और उनके तीन दोस्तों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
विकास मर्मठ आंध्र प्रदेश के कुप्पम में विशेष अधिकारी (कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर) के रूप में तैनात हैं. वह अपने दोस्तों नितेश, अभय उदय सिंह और रोशन के साथ बेंगलुरु के कब्बन पार्क थाना क्षेत्र स्थित कावूर पब पहुंचे थे. बताया गया कि रात करीब 1:30 बजे सिटी क्राइम ब्रांच (CCB) के अधिकारी पब की जांच करने पहुंचे. पुलिस टीम वर्दी में थी और नियमित जांच के तहत वहां मौजूद लोगों की पहचान की पुष्टि कर रही थी.
ID कार्ड मांगने पर भड़के
आरोप है कि जांच के दौरान CCB अधिकारियों ने विकास मर्मठ से उनका पहचान पत्र दिखाने को कहा. इस पर IAS अधिकारी नाराज हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे.
जब पुलिस इंस्पेक्टर ने उनके व्यवहार पर सवाल उठाया, तो उन्होंने कथित तौर पर इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया. आरोप यह भी है कि विकास मर्मठ ने अपने IAS अधिकारी होने का रौब दिखाया और पुलिसकर्मियों को चुनौती देते हुए कहा कि वे उनका क्या कर सकते हैं, यह देख लेंगे. हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
IAS अधिकारी और तीन दोस्तों के खिलाफ FIR
घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के साथ कथित मारपीट और सुरक्षा व्यवस्था में बाधा पहुंचाने के मामले में कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने विकास मर्मठ और उनके तीन दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अधिकारियों के व्यवहार और कानून के पालन को लेकर सवाल खड़े किए हैं. फिलहाल, पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.
