News

जबलपुर में अजब-गजब चोरी: पहले भोलेनाथ-गणेश को नवाया शीश, फिर माल लेकर भागा… एक महीने बाद लौटा तो फंसा

जबलपुर में अजब-गजब चोरी: पहले भोलेनाथ-गणेश को नवाया शीश, फिर माल लेकर भागा… एक महीने बाद लौटा तो फंसा

Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित देवताल परिसर के नरसिंह शिवालय में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने बाकायदा मंदिर में अगरबत्ती जलाई, भगवान गणेश को सात बार प्रणाम किया और फिर भोलेनाथ के सामने माथा टेका. इसके बाद उसने मंदिर से मूर्ति, पूजा सामग्री और दान पेटी से नकदी पार कर दी. पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि आरोपी एक महीने बाद दोबारा मंदिर पहुंचा और पुजारी से माचिस मांगते समय चेहरे से पहचाने जाने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

मंदिर समिति के सदस्य अमित चक्रवर्ती के मुताबिक, नरसिंह शिवालय में पिछले कुछ महीनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. ताजा घटना के CCTV फुटेज में करीब 10 से 12 साल के दो नाबालिग और करीब 35 साल का एक युवक नजर आया है. आरोप है कि यह टोली पहले रेकी करती है और फिर चोरी करती है.

पूजा के बाद सामग्री और नकदी ले उड़े: सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि युवक मंदिर में दाखिल होने के बाद अगरबत्ती जलाता है, भगवान गणेश को सात बार सिर झुकाकर प्रणाम करता है और भोलेनाथ के सामने माथा टेकता है. इसके बाद वह मंदिर में रखे सामान पर हाथ साफ करता है और साथ लाए पाना-पिंचस जैसे औजारों से दान पेटी तोड़कर उसमें से रुपये निकाल लेता है.

एक माह बाद पुजारी से माचिस मांगने पहुंचा, ऐसे पकड़ा गया आरोपी

बताया जा रहा है कि करीब एक महीने बाद आरोपी युवक हाथ में अगरबत्ती लेकर दोबारा मंदिर पहुंचा और पुजारी से माचिस मांगने लगा. पुजारी ने जैसे ही उसका चेहरा देखा, तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे पहचान लिया. पुजारी की सूचना पर स्थानीय लोग जुटे और पुलिस को खबर दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया, जिसकी पहचान गढ़ा निवासी करण चक्रवर्ती के रूप में हुई है.

ये भी पढ़ें: फलोदी में स्विफ्ट कार और टेम्पो ट्रैवलर की जोरदार भिड़ंत, 3 की मौत, 15 घायल रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे थे

70-80 हजार की चोरी का दावा, थाने से महज 300 मीटर दूर है मंदिर

मंदिर समिति का दावा है कि पिछले दो-तीन महीनों में करीब 70 से 80 हजार रुपये मूल्य की सामग्री और नकदी चोरी हो चुकी है, जिसमें भगवान के श्रृंगार का सामान, चांदी का हिस्सा लगा नाग, पीतल की मूर्ति और पूजा के बर्तन शामिल हैं. समिति के अनुसार, पहले भी तीन से चार बार चोरी की शिकायतें दी जा चुकी हैं और क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं. गढ़ा सीएसपी आशीष जैन के मुताबिक, मंदिर समिति की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. हिरासत में लिए गए करण चक्रवर्ती से पूछताछ जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *