मुंबई की शाही शादी में दिखा कपल का सादगी भरा अंदाज, नहीं देखा होगा आपने ऐसा खूबसूरत जश्न

आजकल जहां शादियों में सैकड़ों मेहमानों की भीड़, शानदार सजावट और बड़े-बड़े फंक्शन देखने को मिलते हैं, वहीं मुंबई के एक कपल ने कुछ अलग करने का फैसला लिया. उन्होंने अपनी शादी को भव्य बनाने के बजाय इसे बेहद निजी और खास रखा. इस खूबसूरत समारोह में सिर्फ 8 मेहमान शामिल हुए. हालांकि, शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद हर तरफ इसकी चर्चा हो रही है.
दरअसल, मुंबई के रहने वाले कृषा कोठारी और वरिल शाह ने अपनी शादी परिवार के घर की छत पर करने का फैसला किया. इस खास मौके के लिए उन्होंने किसी बड़े वेडिंग वेन्यू या आलीशान होटल को नहीं चुना. इसके बजाय अरब सागर के सामने बनी अपने घर की छत को ही शादी का खूबसूरत ठिकाना बनाया. शाम के समय डूबते सूरज, समुद्र की लहरों और मुंबई की शानदार स्काईलाइन ने इस समारोह को और भी यादगार बना दिया.
बेहद खास रही मुंबई के कपल की शादी
इस शादी की तस्वीरें वेडिंग प्लानिंग से जुड़ी इंस्टाग्राम पेज Khush Wedding ने शेयर की हैं. तस्वीरों में दुल्हन कृषा लाल और सुनहरे रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आईं. यह साड़ी मशहूर डिजाइनर सब्यसाची की थी. वहीं, दूल्हे वरिल शाह ने मनीष मल्होत्रा की डिजाइन की हुई सफेद और गोल्डन रंग की शेरवानी पहनी थी. दोनों का लुक काफी क्लासी और खूबसूरत लग रहा था.
शादी की सजावट भी बेहद सादगी भरी लेकिन आकर्षक थी. छत को सफेद फूलों और मोमबत्तियों से सजाया गया था. आसपास समुद्र का नजारा और सामने डूबता सूरज इस पूरे माहौल को किसी फिल्मी सीन जैसा बना रहा था. बिना ज्यादा तामझाम के भी इस शादी में खूबसूरती और अपनापन साफ नजर आ रहा था.
तस्वीरों में कपल को एक-दूसरे के साथ खड़े होकर शादी की रस्में निभाते और अपने खास पलों को जीते हुए देखा जा सकता है. एक तस्वीर में उनके सिर्फ आठ मेहमान आसपास खड़े होकर तालियां बजाते और नए जोड़े का उत्साह बढ़ाते नजर आ रहे हैं. बाकी तस्वीरों में फूलों से सजी छत, शादी की रस्में और कपल की खुशी देखने को मिलती है.
यह भी पढ़ें: नन्ही उम्र, कमाल का कॉन्फिडेंस! बच्ची का डांस देखकर तारीफ करते नहीं थक रहे लोग
Khush Wedding ने इन तस्वीरों के साथ लिखा कि आठ मेहमान, समंदर के सामने बनी छत और एक ऐसी शादी, जहां दिखावे से ज्यादा मायने रिश्तों के थे. पेज ने यह भी बताया कि कृषा और वरिल ने पारंपरिक बड़ी भारतीय शादी को अपने तरीके से नए अंदाज में मनाया. सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों को काफी पसंद किया जा रहा है. कई यूजर्स का कहना है कि शादी का असली मतलब बड़े आयोजन और मेहमानों की लंबी लिस्ट नहीं, बल्कि उन लोगों के साथ खुशी बांटना है जो जिंदगी में सबसे ज्यादा मायने रखते हैं.
