News

कन्नौज में कांग्रेस नेता ने BJP MLA के भतीजे को मारी गोली, हत्या के बाद किया सरेंडर

कन्नौज में कांग्रेस नेता ने BJP MLA के भतीजे को मारी गोली, हत्या के बाद किया सरेंडर

Kannauj Crime News: कन्नौज जिले के छिबरामऊ में दीपावली की शाम को गोलीकांड की सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर भाजपा विधायिका के पारिवारिक भतीजे जोकि पेशे से अधिवक्ता थे उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोपी की पहचान कांग्रेस के जिला महासचिव अमोल दीक्षित के रूप में हुई है. आरोपी ने थाने में सरेंडर कर दिया है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि अधिवक्ता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

मृतक की पहचान ककराई मोहल्ला निवासी अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी (36) पुत्र गणेश शंकर चतुर्वेदी के रूप में हुई है.गोली लगने के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में छिबरामऊ के सौ शैया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.बताया जा रहा है कि अनुज चतुर्वेदी भाजपा की छिबरामऊ एमएलए अर्चना पांडेय के पारिवारिक भतीजे थे.

बीच-बचाव करते समय अधिवक्ता को गोली लगी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करते समय अधिवक्ता को गोली लगी. हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ और हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है. सूत्रों के मुताबिक, गोली चलाने वाले आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है. हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

अधिवक्ता की मौत से परिवार का बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलते ही एमएलए अर्चना पांडेय रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचीं. अधिवक्ता की मौत से परिवार का बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी, मां सुमन और सात वर्षीय बेटी श्रद्धा को छोड़ गए हैं. उधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार मौके पर पहुंचे.पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी है.

कोतवाली के इतने नजदीक हुई इस वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.

ये भी पढ़ें: लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे पर 40 फीट खाई में गिरी बस, 2 की मौत 40 से ज्यादा गंभीर घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *