पार्षद पत्नी को बचाने बेसमेंट में कूदे पति, दोनों की दर्दनाक मौत… जेठ झुलसे; फालना अग्निकांड में 3 दुकानें जलकर राख

राजस्थान के पाली जिले के फालना कस्बे में रविवार देर रात पटाखों की चिंगारी से लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. स्वर्ण मंदिर के पास हुए इस दर्दनाक अग्निकांड में खुडाला-फालना नगर पालिका के वार्ड संख्या 23 की पार्षद ऊषा पूनमिया (68) और उनके पति प्रकाश पूनमिया (70) की मौत हो गई. वहीं, उन्हें बचाने की कोशिश में प्रकाश के बड़े भाई गौतम पूनमिया (73) गंभीर रूप से झुलस गए.
पत्नी को बचाने कूदे पति
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे सड़क पर कुछ लोग पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान पटाखे की एक चिंगारी दुकान के बाहर सजाकर रखे पटाखों पर जा गिरी. देखते ही देखते पटाखों में आग लग गई और आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया.
आग तेजी से फैलने पर ऊषा पूनमिया बचने के लिए दुकान के बेसमेंट में चली गईं. पत्नी को बचाने के लिए उनके पति प्रकाश पूनमिया भी बेसमेंट में उतर गए. लेकिन वहां धुआं भर जाने से दोनों बेहोश हो गए. सुबह करीब 5 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दोनों के शव बाहर निकाले गए.
जेठ गौतम पूनमिया गंभीर रूप से झुलसे
हादसे में प्रकाश पूनमिया के बड़े भाई गौतम पूनमिया भी उन्हें बचाने की कोशिश में गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है.
तीन दुकानें पूरी तरह जलकर राख
आग इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में आकर तीन दुकानें पूरी तरह जल गईं. इनमें कॉस्मेटिक, प्लास्टिक आइटम और रेडियो-बैटरी की दुकान शामिल हैं.
आग पर काबू पाने के लिए सुमेरपुर, बाली, सादड़ी और रानी से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 2 बजे आग पर काबू पाया. इसके बाद अंडरग्राउंड में फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जो सुबह करीब 5 बजे पूरा हुआ.
घटना की सूचना मिलते ही एडीएम बाली शैलेंद्र सिंह, एएसपी बाली किशोर सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया. फालना थाना अधिकारी पन्नालाल के अनुसार, हादसे में पार्षद ऊषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश पूनमिया की मौत हुई है, जबकि गौतम पूनमिया गंभीर रूप से झुलसे हैं.
दमकलकर्मियों की कमी को लेकर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई. लोगों का कहना था कि क्षेत्र में पर्याप्त फायर ब्रिगेड कर्मी उपलब्ध नहीं होने के कारण आग पर समय रहते प्रभावी ढंग से काबू पाने में परेशानी हुई.
इस दर्दनाक हादसे के बाद फालना क्षेत्र में शोक की लहर है. एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में दो जिंदगियां खत्म हो गईं और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
