Bhai Dooj 2026: 10 या 11 नवंबर… कब मनेगी भाई दूज? एक क्लिक में दूर करें कंफ्यूजन

Bhai Dooj 2026 Date: भाई दूज के दिन बहनें शुभ मुहूर्त में अपने भाइयों को तिलक लगाती हैं और उनके सुखी, स्वस्थ एवं लंबी उम्र की कामना करती हैं. वहीं भाई भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा और खुशियों का वचन देते हैं. पंचांग के अनुसार, भाई दूज का त्योहार हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है. साल 2026 में द्वितीया तिथि 10 नवंबर, मंगलवार को दोपहर 02:00 बजे शुरू होगी और इसका समापन 11 नवंबर, बुधवार को दोपहर 03:53 बजे होगा. उदया तिथि और पूजा के शुभ समय को ध्यान में रखते हुए इस साल भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा.
भाई दूज 2026 तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
भाई दूज के दिन भाई को तिलक लगाने के लिए दोपहर का समय विशेष शुभ माना जाता है. इस साल बहनें 11 नवंबर को निर्धारित शुभ मुहूर्त में अपने भाइयों का तिलक कर सकती हैं.
- भाई दूज की तारीख: 11 नवंबर 2026, बुधवार
- द्वितीया तिथि प्रारंभ: 10 नवंबर 2026, दोपहर 02:00 बजे
- द्वितीया तिथि का समापन: 11 नवंबर 2026, दोपहर 03:53 बजे
- तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त: दोपहर 01:10 बजे से 03:20 बजे तक
- मुहूर्त की कुल अवधि: 2 घंटे 10 मिनट
भाई दूज की पूजा कैसे करें?
भाई दूज के दिन बहनें सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे कपड़े धारण करें. इसके बाद भगवान की पूजा करके भाई की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र के लिए व्रत या संकल्प लें. इस दिन पूजा के लिए एक साफ चौकी पर कपड़ा बिछाकर भगवान गणेश, भगवान विष्णु और अन्य देवी-देवताओं का याद करें.
इसके बाद भाई को तिलक करने के लिए पूजा की थाली तैयार करें. थाली में रोली, अक्षत, चंदन, फूल, दीपक, मिठाई और कलावा रखें. शुभ मुहूर्त में भाई को सम्मानपूर्वक चौकी पर बैठाएं. इसके बाद उनके माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाएं. भाई की कलाई पर कलावा बांधें और उनकी आरती उतारें.
तिलक करने के बाद भाई को मिठाई खिलाएं और उनके सुखी जीवन की कामना करें. भाई भी अपनी बहन को उपहार, वस्त्र या धन देकर उसके प्रति अपना प्रेम व्यक्त करते हैं. इस तरह भाई दूज का पर्व पारिवारिक प्रेम और आपसी विश्वास के साथ मनाया जाता है.
भाई दूज का धार्मिक महत्व क्या है?
हिंदू धर्म में भाई दूज का पर्व भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन बहन द्वारा भाई के माथे पर तिलक लगाने से उसे सुख, समृद्धि और लंबी उम्र का आशीर्वाद प्राप्त होता है. इस त्योहार को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, सूर्यदेव और उनकी पत्नी संज्ञा के दो संतानें थीं, जिनका नाम यमराज और यमुना था. दोनों भाई-बहन एक-दूसरे से बहुत प्रेम करते थे. यमुना अक्सर अपने भाई यमराज को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती थीं, लेकिन यमराज अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण उनके घर नहीं जा पाते थे.
एक दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे. अपने भाई को देखकर यमुना बहुत प्रसन्न हुईं. उन्होंने यमराज का स्वागत किया, उनके माथे पर तिलक लगाया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया. बहन के इस स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा. तब यमुना ने वरदान मांगा कि जो भी भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा, उसे लंबी उम्र और सुख-समृद्धि प्राप्त हो. यमराज ने उनकी यह इच्छा स्वीकार कर ली. तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू होने की मान्यता है.
भाई दूज पर यमुना स्नान का क्या है महत्व?
भाई दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है. इस दिन यमुना नदी में स्नान करने का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमुना में स्नान करने से व्यक्ति को पुण्य फल प्राप्त होता है. मान्यता है कि इस दिन भाई-बहन को यमुना स्नान करना चाहिए और भगवान से अपने परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना करनी चाहिए. कहा जाता है कि यम द्वितीया पर यमुना स्नान करने वाले व्यक्ति को यमराज का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है और अकाल मृत्यु का भय दूर होता है.
भाई दूज को किन नामों से जाना जाता है?
देश के अलग-अलग हिस्सों में भाई दूज का त्योहार अलग-अलग नामों से मनाया जाता है. उत्तर भारत में इसे भाई दूज या भाई टीका कहा जाता है. वहीं महाराष्ट्र और गोवा में इसे भाऊ बीज के नाम से जाना जाता है. इसके अलावा इसे भात्र द्वितीया, भाई द्वितीया और भतरु द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है. नाम अलग-अलग होने के बावजूद इस त्योहार का उद्देश्य एक ही है. यह पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की खुशहाली की कामना का प्रतीक है.
ये भी पढ़ें: भाई दूज की थाली में क्या-क्या सामान रखें? रोली से लेकर नारियल तक, नोट करें पूरी सामग्री
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.
