गाड़ी या बाइक की नंबर प्लेट टूट गई है? नई HSRP लगवाने के लिए नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर, घर बैठे ऐसे होगा काम

गाड़ी चलाते टाइम किसी हादसे, खराब मौसम या फिर दूसरे किसी वजह के कारण हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) का टूट जाना, टेढ़ी हो जाना या फिर धुंधला हो जाना ये आम बात है. ऐसे में कई लोग परेशान होकर लोकल मार्केट से सामान्य नंबर प्लेट बनवाकर लगवा लेते हैं. लेकिन मोटर व्हीकल एक्ट के तहत टूटी-फूटी या तय मानक वाली नंबर प्लेट लगाकर गाड़ी चलाना कानूनी जुर्म है, जिसके चलते मोटा चालान भी भरना पड़ सकता है.
इसमें राहत की बात यह है कि नई (HSRP) प्लेट के लिए आपको न तो आरटीओ के चक्कर काटने हैं और न ही किसी एजेंट के झंझट में पड़ना है. यह पूरा काम ऑनलाइन बेहद आसानी से हो जाता है. आप घर बैठे कुछ ही मिनटों में अपनी गाड़ी के लिए नई और असली (HSRP) प्लेट मंगवा सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं इसका पूरा प्रोसेस.
नई प्लेट मंगवाने का आसान तरीका
खराब या टूटी हुई नंबर प्लेट बदलने के लिए रजिस्टर्ड ऑनलाइन पोर्टल का सहारा लेना सबसे सुरक्षित और सही रास्ता है. इसके लिए इन आसान स्टेप्स को अपनाएं.
- पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले अधिकृत वेबसाइट bookmyhsrp.com खोलें.
- सही ऑप्शन सलेक्ट करें: होमपेज पर High Security Registration Plate with Colour Sticker का विकल्प दिखाई देगा. अगर केवल प्लेटखराब हुई है और कलर स्टिकर सही सलामत है, तो आप जरूरत के हिसाब से पूरा सेट या सिर्फ आगे/पीछे की प्लेट के लिए अप्लाई कर सकते हैं.
- गाड़ी की डिटेल्स भरें: अपना राज्य चुनें और गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर के अंतिम 5 अंक और इंजन नंबर के अंतिम 5 अंक डालें. इसके बाद कैप्चा कोड भरकर आगे बढ़ें.
- जगह और समय चुनें: डिटेल्स वेरिफाई होने के बाद अपना नाम, ईमेल और मोबाइल नंबर दर्ज करें. फिर यह तय करें कि आपको प्लेट किसी पास की डीलरशिप पर लगवानी है या घर पर डिलीवरी चाहिए. इसके बाद अपनी पसंद की तारीख और समय चुनें.
- ऑनलाइन पेमेंट करें: आखिर में तय फीस का भुगतान यूपीआई, नेट बैंकिंग या कार्ड के जरिए करें. पेमेंट पूरा होते ही एक एक्नॉलेजमेंट रसीद जनरेट होगी, जिसे सेव करके प्रिंट निकाल लें.
इन बातों का रखें खास ख्याल
आवेदन करने से लेकर प्लेट लगवाने तक कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है:
- पेपर वर्क: फॉर्म भरते वक्त कोई डॉक्यूमेंट अपलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती, बस गाड़ी की आरसी (RC) पास रखें ताकि चेसिस और इंजन नंबर बिल्कुल सही भरे जा सकें. इसके साथ ही तय दिन पर डीलरशिप जाते वक्त पेमेंट की रसीद और ओरिजिनल आरसी साथ ले जाना न भूलें.
- फर्जीवाड़े से बचें: ऑनलाइन कई नकली साइट्स चल रही हैं जो HSRP के नाम पर धोखाधड़ी करती हैं. हमेशा आधिकारिक माध्यम से ही बुकिंग करें.
कितनी आएगी लागत?
नई HSRP लगवाने की फीस गाड़ी के वेरिएंट और राज्य के टैक्स के हिसाब से थोड़ी कम-ज्यादा हो सकती है. आमतौर पर टू-व्हीलर के लिए यह खर्च 400 से 500 रुपये के आसपास रहता है, जबकि चार पहिया वाहनों के लिए 600 से 1,100 रुपये तक लग सकते हैं. अगर आप होम डिलीवरी चुनते हैं, तो 100 से 250 रुपये तक अतिरिक्त चार्ज देना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें- अब नियमों के दायरे में चलेंगे ई-रिक्शा! मनमानी रोकने के लिए सरकार का मास्टरप्लान
