झूठ का पर्दाफाश, सच्चाई बेनकाब! थाली में कटहल था, मांस नहीं…सपा के आरोप पर बीजेपी की सफाई

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में खाना खाया, जिसकी तस्वीरें पोस्ट करके समाजवादी पार्टी ने सावन के महीने में मांस खाने की बात कही. इसके लेकर बीजेपी के अलग-अलग सोशल मीडिया हैंडल्स पर सफाई दी गई है. छत्तीसगढ़ बीजेपी के आधिकारिक हैंडल से एक पोस्ट शेयर किया गया. इस पोस्ट में कहा गया कि फुटेज में दिख रहा खाना असल में पारंपरिक कच्चे कटहल की करी थी और ये पूरी तरह से शाकाहारी डिश है.
वहीं उत्तर प्रदेश बीजेपी के सोशल मीडिया हैंडल पर भी इसको लेकर समाजवादी पार्टी को जवाब दिया गया है. दो तस्वीरें शेयर करते हुए बीजेपी ने लिखा,” झूठ का पर्दाफाश, सच्चाई बेनकाब! सापाइयों द्वारा सियासत की थाली में परोसा गया झूठ, सच के सामने बेअसर”. बीजेपी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष और अन्य नेताओं की थाली में कटहल, सोयाबीन और पनीर की सब्जी है, साथ ही मूंग दाल के पकौड़े भी दिए गए हैं.

बीजेपी की मीडिया पैनलिस्ट और राजस्थान के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने उन लोगों को सलाह दी जिन्होंने नबिन की पोस्ट शेयर की थी. उन्होंने कहा, “चाहे पत्रकार हों या राजनेता, किसी को भी दूसरों की थाली में क्या है, इस पर तांक-झांक करना बंद कर देना चाहिए!”
उत्तर प्रदेश के उतरौला से बीजेपी विधायक राम प्रताप वर्मा भी इस मामले में कूद पड़े और विपक्ष पर फैक न्यूज फैलाने का आरोप लगाया.
समाजवादी पार्टी ने क्या कहा था?
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तस्वीरों वाले पोस्ट को रिट्वीट करते हुए लिखा था,”सावन के महीने में वो भी सोमवार मंगलवर के दौरान मांसाभक्षण कर रहे हैं भाजपा अध्यक्ष जी आप? राम राम राम, घोर पाप, इस तरह का कुकृत्य? ये पूरी तरह से भारतीय संस्कृति, सभ्यता, परंपरा के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं आप और देश के बहुसंख्यक हिंदुओं को चिढ़ाने का काम कर रहे हैं आप?”
