MP: आज टूटेगा सीएम मोहन यादव का पैतृक मकान, उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की वजह से एक्शन

मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियां चल रही हैं. इसी क्रम में सड़कों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े. चौड़ीकरण केइसी प्रोजेक्ट की वजह से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक मकान भी प्रभावित हो रहा है. सड़क को चौड़ा करने के लिए मकान का करीब 2.30 मीटर हिस्सा हटाया जाएगा. नगर निगम की टीम ने मकान पर लाल निशान लगाया है और प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जाएगी. यानी यह कार्रवाई किसी अतिक्रमण को हटाने के लिए नहीं, बल्कि सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए की जा रही है.
उज्जैन में खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक करीब 730 मीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जा रहा है. सड़क को बढ़ाकर करीब 15 मीटर चौड़ा किया जाना है. इस प्रोजेक्ट की जद में कुल 272 भवन आ रहे हैं. नगर निगम ने प्रभावित भवनों की नपती कराने के बाद उन पर लाल निशान लगाए हैं, ताकि सड़क के लिए जरूरी हिस्सा तय किया जा सके.
CM की बहन का मकान भी प्रभावित
इस सड़क चौड़ीकरण में मुख्यमंत्री की बहन और उज्जैन नगर निगम की सभापति कलावती यादव का मकान भी प्रभावित हो रहा है. उनके मकान का करीब 3.8 मीटर हिस्सा सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाया जाएगा. कलावती यादव ने कहा है कि शहर के विकास और सिंहस्थ की तैयारियों के लिए उनका परिवार भी सहयोग करेगा.
1974 में बना था पैतृक मकान
मुख्यमंत्री मोहन यादव का यह पैतृक मकान उनके दादा रामचंद्र यादव ने 1974 में बनवाया था. सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क, ट्रैफिक और दूसरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम किए जा रहे हैं. इसी के तहत शहर की कई सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है. मुख्यमंत्री के पैतृक मकान का हिस्सा भी इसी सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया में हटाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- भोपाल मास्टर प्लान-2047 का ड्राफ्ट तैयार, एजुकेशन हब और गोल्फ कोर्स के साथ जानें कैसी होगी आपकी लेक सिटी?
