भारत में जन्मे विकेटकीपर बल्लेबाज ने ठोका शतक, USA ने ODI में नामीबिया के खिलाफ चेज किया अपना सबसे बड़ा टारगेट

USA और नामीबिया के बीच 7 अक्टूबर को रनों से लबालब भरा मैच खेला गया. इस मैच में इतने रन बने, जितने इनके बीच पहले खेले किसी वनडे मुकाबले में नहीं बने थे. दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 597 रन मैच में बनाए. अब जीत तो किसी एक ही होनी ही थी. ICC मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में खेले इस मुकाबले में वो जीत USA के नाम रही, जिसने नामीबिया को 4 विकेट से हराया. USA की धमाकेदार जीत की कहानी, उस विकेटकीपर बल्लेबाज ने शतक जमाकर लिखी, जिसका जन्म भारत में हुआ था.
USA ने नामीबिया के खिलाफ चेज किया अपना सबसे बड़ा स्कोर
नामीबिया ने USA के सामने 299 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य रखा था. USA की टीम ने इससे पहले इतना बड़ा स्कोर पहले कभी भी नामीबिया के खिलाफ चेज नहीं किया था. ना ही उसने पहले बैटिंग करते हुए भी बनाए थे. USA का इससे पहले नामीबिया के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर पहले बल्लेबाजी करते हुए 293 रन का था. वहीं जो बड़ा लक्ष्य उसने नामीबिया के खिलाफ वनजे में पहले चेज किया था, वो 287 रन का था.
भारत में हुआ है USA टीम के कप्तान का जन्म
अब सवाल है USA ने ये रन चेज किया कैसे? इसमें उसके लिए सबसे बड़ी भूमिका निभाई उसके कप्तान मोनांक पटेल ने, जो भारतीय मूल के ही विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. मोनांक का जन्म भारत में गुजरात के आनंद में हुआ था. मोनांक गुजरात की अंडर 16 और अंडर 19 टीम का भी हिस्सा रहे थे. 2010 में उन्होंने USA का रुख किया, जहां 2016 में उन्होंने रेस्टोरेंट बिजनेस शुरू किया. 2018 में पहली बार वो USA की क्रिकेट में आए.
मोनांक पटेल का शतक और दो बड़ी पार्टनरशिप
USA के लिए इनिंग का आगाज करने उतरे मोनांक पटेल ने 299 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच में शानदार शतक लगाया. उन्होंने 100 गेंदों में 108 रन बनाए, जिसमें 14 चौके शामिल रहे. ये उनके वनडे करियर का चौथा शतक रहा. मोनांक पटेल ने इस शतकीय पारी के दौरान दो बड़ी पार्टनरशिप की. उन्होंने ओपनिंग विकेट के लिए स्मित पटेल के साथ 96 रन जोड़े तो दूसरे विकेट के लिए सेहान जयसूर्या के साथ मिलकर 114 रन की साझेदारी की.
मोनांक पटेल के शतक और दो बड़ी पार्टनरशिप का असर ये हुआ कि USA ने नामीबिया के अपने सबसे बड़े ODI टारगेट को 7 गेंद पहले यानी 48.5 ओवर में ही चेज कर लिया. नामीबिया ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 298 रन बनाए थे.
