News

गंगोत्री से पंजाब लौट रहे कांवड़ियों पर बरपा काल… सरहिंद में तेज रफ्तार कार ने रौंदा, 3 की मौत, 1 की हालत गंभीर

गंगोत्री से पंजाब लौट रहे कांवड़ियों पर बरपा काल… सरहिंद में तेज रफ्तार कार ने रौंदा, 3 की मौत, 1 की हालत गंभीर

Fatehgarh Sahib News: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में जीटी रोड पर रविवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है. सरहिंद के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे कांवड़ियों के जत्थे को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया.

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं का यह जत्था उत्तराखंड के गंगोत्री से पवित्र गंगाजल लेकर पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपूरा लौट रहा था. रविवार तड़के करीब सवा दो बजे जब कांवड़िए सरहिंद जीटी रोड पर दादा मोटर्स के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई एक अनियंत्रित कार ने आगे चल रहे चार कांवड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के टकराते ही चारों कांवड़िए सड़क पर काफी दूर जा गिरे और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई.

3 कांवड़ियों की मौके पर मौत, 1 अस्पताल में भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन कांवड़ियों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान महेंद्र पाल, दीपक और जगदीश मित्तल (सभी निवासी जिला फरीदकोट, पंजाब) के रूप में हुई है. वहीं, गंभीर रूप से घायल कांवड़िए की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: होटल से पैक करवाया मटन कोल्हापुरी दो बच्चों के खाते ही दिखा आधा मरा हुआ चूहा, Video वायरल

पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भागने में सफल रहा या नहीं, इस संबंध में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV Footage) की फुटेज खंगाल रही है. सरहिंद थाना पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है. पुलिस मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *