November 2026 Griha Pravesh Muhurat: चातुर्मास के बाद नवंबर में गृह प्रवेश के लिए मिल रहे सिर्फ 4 शुभ मुहूर्त, अभी नोट कर लें डेट

Griha Pravesh Muhurat November 2026: नया घर खरीदने या बनवाने के बाद उसमें प्रवेश के लिए हर कोई शुभ दिन और मुहूर्त का इंतजार करता है. हिंदू धर्म में गृह प्रवेश को बेहद महत्वपूर्ण संस्कार माना गया है. मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में गृह प्रवेश करने से घर में सुख-समृद्धि, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है. ऐसे में अगर आप भी नवंबर महीने में अपने नए घर में प्रवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो शुभ तिथियों और मुहूर्त का ध्यान रखना जरूरी है.
दरअसल, हिंदू धर्म में चातुर्मास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश और सभी मांगलिक कार्यों को करना शुभ नहीं माना जाता है. चातुर्मास के दौरान भगवान विष्णु योग निद्रा में रहते हैं और इस अवधि में शुभ कार्यों पर रोक रहती है. साल 2026 में चातुर्मास का समापन देवउठनी एकादशी के साथ 20 नवंबर को हो रहा है. भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के बाद मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है. ऐसे में चातुर्मास समाप्त होने के बाद नवंबर में गृह प्रवेश के लिए कुछ शुभ मुहूर्त मिल रहे हैं. आइए जानते हैं नवंबर 2026 में गृह प्रवेश के शुभ मुहूर्त और इस दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
नवंबर 2026 में गृह प्रवेश के शुभ मुहूर्त
चातुर्मास समाप्त होने के बाद नवंबर महीने में गृह प्रवेश के लिए कुल 4 शुभ मुहूर्त मिल रहे हैं. अगर आप नए घर में प्रवेश करने की तैयारी कर रहे हैं, तो इन तारीखों और समय को नोट कर सकते हैं.
20 नवंबर 2026, शुक्रवार
- नक्षत्र: उत्तर भाद्रपद
- शुभ समय: सूर्योदय से दोपहर 2:24 बजे तक
21 नवंबर 2026, शनिवार
- नक्षत्र: रेवती
- शुभ समय: पूरे दिन और रात, राहुकाल को छोड़कर
25 नवंबर 2026, बुधवार
- नक्षत्र: रोहिणी / मृगशिरा
- शुभ समय: शाम 4:50 बजे से अगले दिन सुबह 6:52 बजे तक
26 नवंबर 2026, गुरुवार
- नक्षत्र: मृगशिरा
- शुभ समय: सुबह 8:11 बजे से 9:30 बजे तक, सुबह 10:49 बजे से दोपहर 1:27 बजे तक और दोपहर 2:46 बजे से शाम 5:46 बजे तक
गृह प्रवेश के कुछ जरूरी नियम
- गृह प्रवेश से एक दिन पहले पूरे घर की अच्छी तरह साफ-सफाई करें.
- समुद्री नमक मिले पानी से पोछा लगाना शुभ माना जाता है.
- घर के सभी हिस्सों और खासकर कोनों में गंगाजल का छिड़काव करें.
- गृह प्रवेश से पहले गणेश पूजन, वास्तु पूजन और हवन जरूर कराएं.
- गृह प्रवेश का मुहूर्त तय करते समय राहुकाल से बचना चाहिए.
- वास्तु शांति और हवन घर के ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में करना शुभ माना जाता है.
- गृह प्रवेश के समय गृहस्वामी यानी पति हाथ में गौरी-गणेश की प्रतिमा लेकर प्रवेश करें.
- गृहस्वामिनी यानी पत्नी सिर या दाहिने कंधे पर जल से भरा कलश, जिसमें नारियल और आम के पत्ते हों, लेकर घर में प्रवेश करें.
- घर में प्रवेश करते समय पति को दाहिना पैर और पत्नी को बायां पैर पहले रखना चाहिए.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.
