अमेरिका का 11 करोड़ डॉलर का F-35B विमान क्रैश, पायलट पर क्या बोली सेना?

अमेरिका का अत्याधुनिक F-35B स्टेल्थ लड़ाकू विमान शुक्रवार को कैलिफोर्निया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अच्छी बात यह रही कि विमान के पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई. अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने बताया कि पायलट को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. उसकी हालत स्थिर है और उसे गंभीर चोट नहीं आई है. एक F-35B की कीमत करीब 10.9 करोड़ डॉलर (1040 करोड़ रुपये) है.
यह हादसा कैलिफोर्निया के सैन डिएगो स्थित मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन मिरामार के पास हुआ. दुर्घटना के बाद घटनास्थल से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया. हेलिकॉप्टर से ली गई तस्वीरों में कई सैन्य वाहन, दमकल की गाड़ियां और राहतकर्मी मौके पर काम करते नजर आए. आग बुझाने के लिए जमीन पर सफेद रंग का अग्निरोधी रसायन (फ्लेम रिटार्डेंट) डाला गया और दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया.
हादसे की जांच मरीन कॉर्प्स करेगी
सैन डिएगो फायर विभाग की प्रवक्ता कैंडेस हैडली ने बताया कि विमान गिरने के बाद आसपास की झाड़ियों में आग लग गई थी. दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाई. हादसे की जांच अब मरीन कॉर्प्स कर रही है. मिरामार एयरबेस पहले अमेरिकी नौसेना के मशहूर ‘टॉप गन’ फाइटर पायलट ट्रेनिंग स्कूल का केंद्र था. उस समय इसे ‘फाइटरटाउन यूएसए’ कहा जाता था. बाद में 1996 में इस ट्रेनिंग स्कूल को नेवादा के नेवल एयर स्टेशन फॉलन में ट्रांसफर कर दिया गया.
US के पास 630 से ज्यादा F-35 विमान
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स, नौसेना और वायुसेना के पास मिलाकर 630 से ज्यादा F-35 लड़ाकू विमान हैं. F-35B इस विमान का ऐसा मॉडल है, जो कम दूरी से उड़ान भर सकता है और जरूरत पड़ने पर सीधा ऊपर-नीचे उतर सकता है. अमेरिकी सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, F-35 कार्यक्रम पर कुल करीब 2 ट्रिलियन डॉलर खर्च होने का अनुमान है. इसमें 1,800 से ज्यादा नए विमान खरीदने और कई दशकों तक उनके संचालन का खर्च भी शामिल है.
फ्लाइट सेफ्टी फाउंडेशन के एविएशन सेफ्टी नेटवर्क के अनुसार, 2026 में अब तक अमेरिका में कम से कम सात अन्य सैन्य विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं. इनमें सबसे बड़ा हादसा जून में कैलिफोर्निया के मोजावे रेगिस्तान में हुआ था, जहां उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद एक B-52 बॉम्बर विमान क्रैश हो गया था. इस हादसे में विमान में सवार आठों लोगों की मौत हो गई थी.
यह भी पढ़ें: 10 साल में सबसे नीचे पहुंची US पासपोर्ट रैंकिंग, भारत 81वें स्थान पर
